12 बजे शिकायत, 2 बजे कार्रवाई, प्रशासन का नया अंदाज
देहरादून: जिला प्रशासन देहरादून ने जनता दर्शन में प्राप्त एक शिकायत पर रिकॉर्ड समय में कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। शिकायत दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी सविन बंसल को मिली और महज़ दो घंटे बाद दोपहर 2 बजे प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुँचकर कब्जा हटाने की कार्यवाही कर दी।
कुल्हाल निवासी शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को बताया था कि शक्ति नहर किनारे सिंचाई विभाग की कालोनी की भूमि, जिसे एनएचएआई ने बल्लूपुर–पोंटा हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित किया है, पर किसी व्यक्ति द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार विकासनगर को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुँचकर निर्माण को ढहा दिया।
यह कार्रवाई जनता दर्शन के दौरान ही की गई, जिसकी फोटो और वीडियो भी प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराएं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे “नए और जवाबदेह प्रशासन” का संकेत बताया।
