देहरादुन: विदेश में नौकरी और पढ़ाई का झांसा देकर पहाड़ के युवाओं से की जा रही ठगी के मामलों पर SSP देहरादून ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में ऐसी 10 अलग-अलग शिकायतें सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रकरणों में अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में पाया गया कि विभिन्न फर्मों, दलालों और तथाकथित प्लेसमेंट एजेंसियों ने कुल 19 युवाओं से 48 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
शिकायतों में इटली, पोलैंड, जर्मनी, सऊदी अरब, दुबई और न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर फर्जी वीजा, जॉब ऑफर लेटर और वर्क परमिट देने के मामले शामिल हैं। कई युवाओं से 3 से 5 लाख रुपये तक बसूले गए, जबकि कुछ मामलों में रकम 19 लाख तक पहुंची। कुछ पीड़ितों ने शारीरिक उत्पीड़न व विदेश में छोड़ दिए जाने की शिकायत भी की है। फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट की जांच में सभी आरोपों की पुष्टि होने पर SSP ने स्पष्ट कहा कि “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
SSP ने युवाओं से अपील की है कि विदेश में शिक्षा या नौकरी के लिए केवल भारत सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसियों से ही संपर्क करें। फर्म की वैधता, जॉब लेटर, वीजा और टिकट की पूरी तरह सत्यापन अनिवार्य है। इसके लिए विदेश मंत्रालय के Emigrate Portal पर अधिकृत Recruiting Agents की जानकारी उपलब्ध है।
