देहरादून: देहरादून पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। आरोपी ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भड़काऊ और धमकी भरे संदेश साझा किए थे, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया था।
मामला 21 जून का है, जब नगर कोतवाली देहरादून में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि सोशल मीडिया पर एक आईडी के जरिए उत्तराखंड पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरे पोस्ट किए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया गया।
लगातार जांच और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका उपयोग धमकी भरे पोस्ट करने के लिए किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इंस्टाग्राम आईडी ‘Jaspreet- devil’ से 25 जून 2026 को धमकी भरे पोस्ट किए थे। उसने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद से वह आक्रोशित था। उसी घटना और पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर उसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डाले।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उसके पीछे कोई और व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी और भड़काऊ गतिविधियों को गंभीर अपराध माना जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
