देहरादून: आने वाले त्यौहारों—धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और गोवर्धन पूजा—को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में आमजन की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने घण्टाघर, पल्टन बाजार और लक्खीबाग क्षेत्रों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकानदारों, विशेषकर पटाखा विक्रेताओं को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री करने की चेतावनी दी।
त्यौहारी सीजन में भारी भीड़ और वाहन आवागमन की संभावना को देखते हुए, पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में पार्किंग और रूट प्लान तैयार किया है। सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड और सुभाष रोड से आने वाले वाहनों के लिए काबुल हाउस, मंगला देवी इण्टर कॉलेज परिसर, मल्टीस्टोरेज पार्किंग कनक चौक और MDDA कॉम्प्लेक्स घण्टाघर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, चकराता रोड, गढ़ी कैन्ट, ईसी रोड, धर्मपुर और नेहरू कॉलोनी से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पल्टन बाजार में लोडिंग वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई है। लोडिंग वाहन प्रातः 10 बजे से शाम 9 बजे तक बाजार में प्रवेश नहीं करेंगे और वन-वे मार्ग के तहत ही अपनी गतिविधि संपन्न करेंगे। बाजार में व्यापारियों के वाहनों को टोकन सिस्टम से प्रवेश मिलेगा, अन्य वाहनों को अनुमति नहीं होगी।
एसएसपी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए 10 ट्रैफिक मोबाइल टीमें, 10 क्रेन, 29 ANPR और 105 RLVD कैमरों के माध्यम से नियंत्रण कक्ष से निगरानी की जाएगी। साथ ही FM रेडियो, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों को ट्रैफिक प्लान की जानकारी लगातार दी जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग का ही प्रयोग करें, निजी वाहनों का प्रयोग आवश्यकता अनुसार ही करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, रिक्शा या सिटी बस का उपयोग करें। दुकानदारों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुला रखें।
इस योजना के तहत यातायात के दबाव वाले स्थानों पर डायवर्जन सिस्टम लागू होगा, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने पर जुर्माना 1,200 रुपये होगा। सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी में रहेंगे।
