Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में आपदा का कहर, 211 करोड़ की क्षति, DM बोले– हर पीड़ित तक पहुँचेगी राहत

आपदा से हिला देहरादून, DM सविन बंसल मैदान में, चल रहा राहत अभियान

देहरादून: 15 सितम्बर की रात हुई भीषण अतिवृष्टि ने देहरादून जिले को गहरी चोट दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आपदाग्रस्त सभी क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन कराया है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जिले को 211 करोड़ से अधिक की क्षति हुई है और आंकलन कार्य अभी भी जारी है।

डीएम ने सहस्त्रधारा, मझाड़ (कार्लीगाड), भीतरली किमाड़ी, सिरोना-फुलेत समेत सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में जाकर राहत-रेस्क्यू कार्यों की मॉनिटरिंग की। उन्होंने सीडीओ, एसडीएम, अधीक्षण अभियंता सहित कृषि, पशुपालन, उद्यान विभाग के अधिकारियों संग उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर स्पष्ट कहा— “बिजली, सड़क, पेयजल की बहाली और घर-खेत-फसल का त्वरित मुआवजा हमारी प्राथमिकता है।”

डीएम ने प्रत्येक क्षेत्र में सीनियर QRT तैनात कर दी है, ताकि अहैतुक, गृह व अनुग्रह मुआवजा शीघ्र वितरित हो सके। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि बजट का इंतजार न कर तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाएँ बनाई जाएँ।

जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर संपर्क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई व लोनिवि को निर्देश है कि संपर्क विहीन गांवों को तुरंत जोड़ें। वहीं पेयजल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, विद्युत विभाग को शत-प्रतिशत सेवाएँ बहाल करने के लिए प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।

प्रारंभिक आंकलन में लोनिवि को 46 करोड़, सिंचाई विभाग को 64.50 करोड़, पेयजल निगम को 18.23 करोड़, जल संस्थान को 13.31 करोड़, विद्युत विभाग को 10.63 करोड़, शिक्षा विभाग को 4.18 करोड़, ग्रामीण विकास विभाग को 4.15 करोड़, पीएमजीएसवाई को 26.38 करोड़ तथा स्वास्थ्य, कृषि और उद्यान समेत अन्य विभागों को भी भारी नुकसान दर्ज किया गया है।

डीएम ने दो टूक कहा—“हर आपदा प्रभावित तक राहत पहुँचाना प्रशासन का दायित्व है। युद्धस्तर पर काम हो, ताकि हर पीड़ित को त्वरित राहत मिल सके।”

Leave a Comment