Udayprabhat
uttrakhand

चार धाम यात्रा मार्ग का डीएम ने किया निरीक्षण, यातायात और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चमोली: चार धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार ने चमोली में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 का स्थलीय निरीक्षण किया और यात्रा मार्ग पर संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कर्णप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत गौचर मुख्य बाजार, कमेड़ा क्षेत्र तथा चमोली-रुद्रप्रयाग सीमा तक पहुंचकर यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और अन्य यात्रा संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मार्ग पर यातायात की स्थिति और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चार धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने के साथ-साथ आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Comment