देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई है। डीएम के इस निर्णय से सेनानियों के परिजनों ने उन्हें आभार व्यक्त किया।
मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान अल्मोड़ा निवासी बुजुर्ग नवीनचंद जोशी, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की प्रथम पीढ़ी के आश्रित हैं, डीएम को धन्यवाद देने विशेष रूप से पहुंचे। गौरतलब है कि गत माह हुई बैठक में सेनानियों के परिजनों ने बसों में निःशुल्क यात्रा, आवास हेतु भूखंड, तथा स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर भवन व स्थलों के नामकरण जैसी मांगें रखी थीं।
जिलाधिकारी ने तत्काल निर्णय लेते हुए स्मार्ट सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की अनुमति दी, जबकि रोडवेज बसों में सुविधा के लिए जीएम को पत्राचार का आश्वासन दिया। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र में 100 वर्ग मीटर भूमि आवंटन के शासनादेश पर कार्यवाही तेज करने हेतु डीएम ने मेयर को व्यक्तिगत अनुरोध पत्र भेजा है। वहीं पुरानी जजी कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन सेनानी भवन से जुड़ी विवादित समस्या का समाधान कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम के इन प्रयासों से सेनानियों के परिजनों में उत्साह है। मंगलवार को उपस्थित लोगों ने “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान अमर रहे” के नारों के बीच प्रशासन की इस पहल की सराहना की और जिलाधिकारी का आभार जताया।
