Udayprabhat
uttrakhand

नशे में टेंपो ट्रैवलर चला रहा था चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

इसी क्रम में गत दिवस देर शाम गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुक्की टॉप के समीप यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक टेंपो ट्रैवलर  को जांच के लिए रोका गया। चालक का एल्कोमीटर से परीक्षण किए जाने पर वह शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने चालक को तत्काल गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया। वाहन में जबलपुर (मध्य प्रदेश) के 11 तीर्थयात्री सवार थे, जो चारधाम यात्रा पर निकले थे।

रात्रि के समय यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों को सुक्की टॉप स्थित एक होटल में सुरक्षित ठहराया। साथ ही संबंधित ट्रैवल एजेंसी से समन्वय स्थापित कर उनके लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था भी कराई गई, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित न हो।

उत्तरकाशी पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस का कहना है कि चालक की सतर्कता ही उसकी तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।

Leave a Comment