रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के चामुंडा मंदिर वार्ड नंबर 8 में गैस रिसाव के कारण एक घर में अचानक आग लग गई, जिससे पांच लोग झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस लीकेज बताया जा रहा है।
हादसे में देवकी (लगभग 50 वर्ष), अनीता (30 वर्ष), संगीता देवी (21 वर्ष), पारुल (3 वर्ष) सहित एक अन्य महिला घायल हुई हैं। सभी घायलों को तुरंत रुद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं, हालांकि कुछ लोगों के शरीर पर 15 से 40 प्रतिशत तक जलने के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में सावधानी बरतें और किसी भी गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत सुरक्षा उपाय अपनाएं, जैसे रेगुलेटर बंद करना और कमरे को हवादार करना।
