Udayprabhat
uttrakhand

राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम में किए दर्शन, मास्टर प्लान कार्यों का किया निरीक्षण

चमोली: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) शनिवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत पवित्र बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

धाम पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल कार द्वारा बदरीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका स्वागत किया।

मंदिर परिसर में राज्यपाल ने तीर्थयात्रियों की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सूक्ष्म पूजा-अर्चना की तथा मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने तीर्थयात्रियों से भी संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

इसके पश्चात राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों, विशेषकर रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।

राज्यपाल ने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से मुलाकात कर उनके सुझाव सुने तथा आवश्यक सुधारों और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन, स्थानीय जनता और सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयासों से धाम में व्यवस्थाएं बेहतर हो रही हैं, जिसकी उन्होंने सराहना की।

उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यात्रियों का अनुशासन भी सराहनीय है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बदरीनाथ धाम में भक्ति भाव और अनुशासन के साथ दर्शन करें तथा यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें।

इसके अलावा राज्यपाल ने चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों से स्थानीय उत्पादों को स्मृति स्वरूप खरीदने का भी आह्वान किया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

Leave a Comment