प्रदेश कांग्रेस के एससी विभाग का संविधान बचाओ भाजपा भगाओ कार्यक्रम
प्रदेश में हर माह किसी जिले का दौरा कर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे: कोटली
देहरादून: प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संविधान बचाओ भाजपा भगाओ कार्यक्रम में रविवार को भाजपा अनुसूचित जाति विभाग के नेता सोनू गहलोत के नेतृत्व में डेढ़ सौ लोगों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।
नवागंतुकों का कांग्रेस में स्वागत हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आज साफ-सफाई जैसे सारे काम भाजपा सरकारों ने ठेका प्रथा में दे दिए हैं, जिससे सरकार की कोई जिम्मेदारी न रहे और ठेकेदार इन वर्गों का उत्पीड़न करते हैं। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के नव नियुक्त प्रभारी पंजाब के विधायक सुखविंदर कोटली ने कहा कि वे प्रदेश में हर महीने किसी ना किसी जिले का दौरा कर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
कोटली ने कहा कि आज पूरे देश में जहां जहां भी भाजपा की सरकार है वहां अनुसूचित जाति एवं गरीब वर्ग के लोगों के साथ बुरा व्यवहार हो रहा है और कत्ल रेप की घटनाओं के रिकार्ड मामले प्रकाश में आ रहे हैं। पंजाब विधायक ने कहा कि उत्तरप्रदेश, हरियाणा व उत्तराखंड में बहुत बड़े बड़े अपराध अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ घटित हुए हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओम प्रकाश वाल्मीकि का कत्ल, हरियाणा में एडीजी की आत्महत्या जैसे अनेक मामले हैं, जिनसे भाजपा का अनुसूचित जाति के प्रति नफरत व उपेक्षा का भाव साफ-साफ प्रदर्शित होता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य में दलित उत्पीड़न हत्या व बलात्कार के जितने मामले प्रकाश में आए वह अपने आप में एक कीर्तिमान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी लोगों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, विभाग प्रदेश प्रभारी विधायक सुखविंदर कोटली व श्री धस्माना से नए कार्यकर्ताओं का परिचय करवाया व नेताओं ने नए सदस्यों का माला व पार्टी का पटका पहना कर स्वागत किया। मदन लाल ने कहा कि आने वाले हीनों में अनुसूचित जाति विभाग हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी अल्मोड़ा में संविधान बचाओ भाजपा भगाओ कार्यक्रम आयोजित कर हजारों लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, मानसिंह एडवोकेट, गगन छाछर, नोहर सिंह, पूनम सिंह, गीता बहुते, पिंकी, संजय बिरला, भोला सिंह, हिमांशु घाघट, आकाश पंवार, सिकंदर, हिमांशु कुमार व डेढ़ सौ कार्यकर्ता जो भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए उपस्थित थे।
