Udayprabhat
uttrakhand

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गांधी पार्क में गूंजा योग का संदेश

देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पावन अवसर पर दून योगपीठ, देहरादून द्वारा गांधी पार्क में आयोजित विशेष योग शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर दून योगपीठ के संस्थापक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने उपस्थित साधकों को योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग को जीवन जीने की श्रेष्ठ राह बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाजसेवी लाल चंद शर्मा ने योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित उनके छठे विश्व शांति अभियान के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उल्लेखनीय है कि डॉ. जोशी 14 जून से 25 जून तक वियतनाम और कंबोडिया की यात्रा पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न योग संस्थानों में मुख्य अतिथि के रूप में योग एवं ध्यान आधारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

डॉ. जोशी अपनी इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान पवित्र गंगाजल, रुद्राक्ष मालाएं, देवभूमि उत्तराखंड का प्रसाद तथा उत्तराखंड की पारंपरिक टोपियां योग गुरुओं एवं साधकों को भेंट स्वरूप प्रदान करेंगे। योग साधकों ने उनकी यात्रा की सफलता की कामना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, मालाएं एवं शुभाशीष भेंट किए।

कार्यक्रम में बच्चों ने भी विभिन्न योगासनों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। गौरतलब है कि गांधी पार्क में 21 अप्रैल से प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से निःशुल्क योग शिविर आयोजित किया जा रहा है, जो 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक निरंतर जारी रहेगा।

योग, ध्यान और विश्व शांति के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम जनमानस में स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

Leave a Comment