Udayprabhat
uttrakhand

हरेला पर्व पर उत्तराखंड में चला महावृक्षारोपण अभियान, जागेश्वर से सीएम धामी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देहरादून/अल्मोड़ा/हरिद्वार: उत्तराखंड में पारंपरिक लोकपर्व हरेला पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम पहुंचकर वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की और पौधारोपण कर राज्यव्यापी हरित अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में भी भाग लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति और धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हरेला अभियान के तहत 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था, जिसे पार करते हुए अब तक 10 लाख 80 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

उधर, हरिद्वार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने वन विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी सहित अनेक संत, समाजसेवी और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नीम, पीपल, बरगद और रुद्राक्ष समेत विभिन्न प्रजातियों के करीब 200 पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

हरिद्वार के नगर वन में विकसित मियावाकी वन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। यहां नागरिक अपने और अपने पूर्वजों के नाम से पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण में योगदान दे रहे हैं, जिनकी देखरेख वन विभाग द्वारा की जाती है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का सबसे बड़ा जनपर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर सभी विभागों द्वारा बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

वहीं, हरेला पर्व के अवसर पर हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। रोशनाबाद स्थित परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने बेटे के साथ फलदार और छायादार पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। दूसरी ओर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जनपदभर के विभिन्न पुलिस कार्यालयों और थानों में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Comment