Udayprabhat
uttrakhandखेल

UPL सीजन-2 का ताज हरिद्वार एल्मास के सिर, रोमांचक फाइनल में नैनीताल टाइगर्स को 4 विकेट से दी मात

देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) टी-20 सीजन-2 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में हरिद्वार एल्मास ने नैनीताल टाइगर्स को 4 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नैनीताल की टीम लगातार दूसरे साल फाइनल में हार झेलनी पड़ी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नैनीताल टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। 15 के कुल स्कोर पर पहला विकेट गिर गया और टीम दबाव में आ गई। ओपनर डी सिंह ने 6 गेंदों में 12 रन जरूर बनाए लेकिन वो लंबी पारी नहीं खेल सके। 27 के स्कोर पर दूसरा झटका ए. महाजन के रूप में लगा, जो सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।

तीसरे विकेट के लिए राज नमाला और बी. लालवानी ने 29 रन की साझेदारी की। नमाला ने 20 गेंदों पर 29 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन 56 के स्कोर पर वो भी आउट हो गए। इसके बाद लालवानी ने 42 गेंदों पर 35 रन बनाकर रिटायर्ड आउट का विकल्प चुना।

शाश्वत डंगवाल ने एक छोर संभालते हुए 41 गेंदों पर शानदार 52 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत नैनीताल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 148 रन तक पहुंच पाई। हरिद्वार की ओर से पी. भाटी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में मात्र 16 रन देकर 2 विकेट झटके।

हरिद्वार की पारी में उतार-चढ़ाव, गुप्ता बने ‘फिनिशर’

149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार की शुरुआत निराशाजनक रही। मात्र 1 रन पर ही एच. सोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कुणाल चंदेला ने 19 गेंदों पर 33 रन ठोककर पारी को गति दी, लेकिन 6वें ओवर में वह भी आउट हो गए।

मिडिल ऑर्डर में पी. खंडूड़ी (6 रन) और राठौड़ (17 रन) जल्दी आउट होकर नैनीताल को मैच में वापसी का मौका दे गए। 90 के स्कोर पर एस. चौहान (25 रन) के आउट होने के बाद एक समय ऐसा लगा कि मैच नैनीताल की झोली में जा सकता है।

लेकिन यहां से डंगवाल (23 रन, 19 गेंद) और उजैर मलिक (22 रन, 13 गेंद) ने तेजी से रन बटोरते हुए मैच को वापस हरिद्वार की ओर मोड़ दिया। 129 के स्कोर पर डंगवाल के आउट होने पर हरिद्वार को 9 गेंदों में 20 रनों की जरूरत थी।

तभी मैदान में उतरे एस. गुप्ता, जिन्होंने अपनी “किलर इंस्टिंक्ट” दिखाते हुए 5 गेंदों में 15 नाबाद रन (2 छक्के) ठोक दिए और आखिरी ओवर में टीम को शानदार जीत दिला दी। गुप्ता की यह छोटी लेकिन विस्फोटक पारी निर्णायक साबित हुई।

https://www.instagram.com/reel/DPbsKVjjw7z/?igsh=Z2diaW9jdmhlMGJ4

नैनीताल की गेंदबाजी रही औसत

नैनीताल की ओर से ए. शाह ने 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया। कुमार सैनी ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि डी. सिंह ने 3.2 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

हालांकि एस. बालियान महंगे साबित हुए — उन्होंने 4 ओवर में 46 रन लुटाकर 1 विकेट लिया। डी. नेगी ने 3 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट झटका, लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। अंत में उनकी गेंदबाजी हरिद्वार के निचले क्रम के सामने ढीली पड़ गई।

हरिद्वार का जलवा, नैनीताल की लगातार दूसरी फाइनल हार

हरिद्वार एल्मास ने दबाव भरे पलों में शानदार संयम दिखाते हुए खिताबी जीत दर्ज की। वहीं नैनीताल टाइगर्स लगातार दूसरी बार फाइनल में हार का सामना कर रही टीम बन गई। पिछले सीजन में भी नैनीताल फाइनल में चूक गई थी।

इस जीत के साथ हरिद्वार एल्मास ने UPL सीजन-2 में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज करा लिया। मैच में आखिरी ओवर तक बना रोमांच दर्शकों को भी लंबे समय तक याद रहेगा।

नैनीताल टाइगर्स: 148/6 (20 ओवर) — शाश्वत डंगवाल 52, बी. लालवानी 35, पी. भाटी 2/16

हरिद्वार एल्मास: 152/6 (19.5 ओवर) — कुणाल चंदेला 33, एस. गुप्ता 15* (5), सैनी 2/23

Leave a Comment