Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस का बड़ा एक्शन, एक और स्मैक तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।

ताजा कार्रवाई में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने मनेरा क्षेत्र के पास चेकिंग के दौरान 31 वर्षीय अजयपाल सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 4.82 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत यात्रा मार्गों पर सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 11 मामलों में 15 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही करीब 6 किलोग्राम से अधिक चरस और 18 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment