Udayprabhat
uttrakhandदेश

केदारनाथ पहुंचे उद्योगपति गौतम अडानी, बाबा केदार के किए दर्शन, रोपवे परियोजना का लिया जायजा

रुद्रप्रयाग: हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। यात्रा सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ ही अब तक लगभग ढाई लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 1 मई को देश के जाने-माने उद्योगपति गौतम अडानी अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे।

अडानी दंपति सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ धाम पहुंचे। मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।

रोपवे परियोजना पर फोकस

दर्शन के बाद Adani Enterprises Limited द्वारा प्रस्तावित सोनप्रयाग–केदारनाथ रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे भी किया गया। करीब 12.9 किलोमीटर लंबा यह रोपवे दुनिया के सबसे ऊंचे (लगभग 11,500 फीट) और प्रमुख लंबी परियोजनाओं में शामिल होगा। इसके पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को 9 घंटे की कठिन पैदल यात्रा के बजाय मात्र 36 मिनट में केदारनाथ पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद

अडानी के दौरे के दौरान मंदिर समिति और प्रशासन ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं आम श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।

इन दिनों केदारनाथ यात्रा अपने चरम पर है। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु रोजाना यहां पहुंच रहे हैं। खराब मौसम और ऊंचाई जैसी चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है। प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, ट्रैफिक, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

Leave a Comment