मुख्यमंत्री के ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत् संवाद’ मंत्र के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना
उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर यमुना वैली होटल एसोसिएशन ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य का आभार व्यक्त किया है। गुरुवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से भेंट कर यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष प्रशासन की मुस्तैदी और बेहतर प्रबंधन के कारण यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
एसोसिएशन ने बताया कि यात्रा मार्गों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता ने यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम और मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था से श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन एवं होटल व्यवसाय को भी लाभ मिला है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत् संवाद” के मंत्र के अनुरूप प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि होटल व्यवसायी भी यात्रा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके सहयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग को यात्रा की सफलता का आधार बताया। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, आपदा प्रबंधन और सूचना सहायता केंद्रों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिसकी श्रद्धालुओं द्वारा भी सराहना की जा रही है।
