Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में साइबर ठगों ने फर्नीचर व्यापारी से की डेढ़ करोड़ की ठगी, ऑनलाइन दोस्ती बनी जाल

देहरादून: राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना में डालनवाला क्षेत्र के एक फर्नीचर व्यापारी को निवेश का लालच देकर डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित व्यापारी सौरभ कुमार ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार 7 जुलाई को उनकी पहचान एक युवती से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हुई। युवती ने दोस्ती का भरोसा जीतकर उन्हें निवेश और ट्रेडिंग में फायदा दिलाने का झांसा दिया। उसने एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खोलने के लिए राजी किया और टेलीग्राम के माध्यम से ‘ग्राहक सेवा’ से संपर्क करवाया।

14 जुलाई को व्यापारी ने इस प्लेटफॉर्म पर पहला निवेश किया और शुरू में 1 लाख रुपये लगाने पर करीब 19 हजार रुपये का लाभ भी उनके खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। इससे व्यापारी का भरोसा बढ़ गया और उन्होंने 14 जुलाई से 6 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये जमा कर दिए।

लेकिन जब व्यापारी ने बड़ी रकम निकालने की कोशिश की, तो प्लेटफॉर्म ने और अधिक धन जमा करने की मांग की। इस बीच युवती ने भी बहाने बनाने शुरू कर दिए। तब जाकर व्यापारी को समझ आया कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

सीओ अंकुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिन खातों में पैसा भेजा गया उनकी जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं और अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती कर निवेश न करें। वित्तीय ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment