उत्तरकाशी: केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तरकाशी में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और डबल इंजन सरकार के सहयोग से राज्य में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेशभर में “विकास उत्सव” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 12 से 14 जून तक सभी जिला मुख्यालयों में विकास प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। साथ ही ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड की प्रमुख उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दे रही हैं। इसके अलावा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं कनेक्टिविटी और पर्यटन को मजबूत करेंगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऋषिकेश एम्स में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा शुरू की जा चुकी है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना और निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी राज्यों में शामिल होना भी बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
