Udayprabhat
uttrakhand

औली में भारत-अमेरिका की सेनाओं का संयुक्त युद्ध अभ्यास, ड्रोन और रोबोटिक डॉग से सीखी आतंकवाद रोधी कार्रवाई

चमोली: उत्तराखंड के औली में भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच चल रहे युद्ध अभ्यास 2026 के दौरान आतंकवाद रोधी अभियानों को लेकर संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने आधुनिक तकनीक और विशेष प्रशिक्षित टीमों की मदद से विभिन्न ऑपरेशनल ड्रिल का अभ्यास किया।

अभ्यास में जवानों ने बिल्डिंग क्लीयरेंस और रूम इंटरवेंशन जैसी ड्रिल के जरिए इमारत में प्रवेश करने, कमरों की तलाशी लेने और संभावित खतरों से निपटने की प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण लिया। इस दौरान असॉल्ट टीमों के साथ ड्रोन, रोबोटिक डॉग, प्रशिक्षित कुत्तों और स्नाइपर टीमों का भी इस्तेमाल किया गया।

संयुक्त प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग विशेषज्ञ टीमों और आधुनिक उपकरणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। ड्रोन और रोबोटिक डॉग जैसी तकनीकों के जरिए संवेदनशील इलाकों में जानकारी जुटाने और अभियान के दौरान सहायता लेने की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन भी किया गया।

अभ्यास के दौरान अमेरिकी सैनिकों ने भारतीय जवानों और उनके इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को करीब से समझा। दोनों देशों के सैनिकों ने आपस में बातचीत कर प्रशिक्षण की तकनीकों और कार्यप्रणाली को साझा किया।

युद्ध अभ्यास भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच आयोजित होने वाला संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण है। औली में चल रहे इस अभ्यास के जरिए दोनों देशों के जवानों को अलग-अलग परिस्थितियों में साथ काम करने, सामरिक समझ विकसित करने और संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर तालमेल बनाने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Comment