Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में परिवहन विभाग-पुलिस का संयुक्त अभियान, 15 बसों के चालान

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की इंटरसेप्टर टीम और यातायात पुलिस ने विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान यात्री बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, कर अदायगी, चालक लाइसेंस, यात्री सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र और स्पीड गवर्नर समेत विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच में कई वाहनों में नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते 15 बसों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा तीन बसों में गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर उनके फिटनेस प्रमाण-पत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है। संबंधित मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और यात्री वाहनों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और संचालकों से सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Comment