उत्तरकाशी: वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बौन में विज्ञान शिक्षक एवं लेखक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल की नवीन पुस्तक ‘प्रकृति से प्रौद्योगिकी तक: बदलते युग का विज्ञान’ का भव्य विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एच. एस. भदौरिया, निदेशक, राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बौन तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद जगूड़ी, प्रबंधक, ऋषिराम शिक्षण संस्थान, उत्तरकाशी ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अतिथियों ने पुस्तक को विज्ञान, पर्यावरण और आधुनिक तकनीक के बीच संबंधों को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
लेखक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि इस पुस्तक में प्रकृति, जैव विविधता, गंगा के वैज्ञानिक पक्ष, जैविक खेती, बीज संरक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, एसटीएम शिक्षा और भविष्य की तकनीकों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं पाठकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और प्रकृति तथा प्रौद्योगिकी के बीच संतुलन को समझाना है।
मुख्य अतिथि एच. एस. भदौरिया ने कहा कि बदलते समय में विज्ञान और तकनीक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे में यह पुस्तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और सामान्य पाठकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद जगूड़ी ने भी पुस्तक को समाज और पर्यावरण से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए लेखक को शुभकामनाएं दीं।
