चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में दो जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना का वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय युवकों प्रदीप रमोला, राहुल और अजय पंवार ने साहस का परिचय देते हुए दोनों घायल जवानों को खाई से बाहर निकाला और निजी वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। समय पर मदद मिलने से घायलों को तुरंत उपचार मिल सका।
घायलों की पहचान जांबाज सिंह और धवन सिंह के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, जांबाज सिंह को हल्की चोटें आई हैं, जबकि धवन सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोश हैं।

हादसे में घायल जवान-
- जांबाज सिंह पुत्र जय भगवान सिंह (उम्र 29 वर्ष), निवासी- भिवानी, हरियाणा
- धवन सिंह (उम्र 28 वर्ष)
धवन सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया। बताया जा रहा है कि धवन सिंह अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे हैं और दोनों जवान ज्योतिर्मठ स्थित सिग्नल कंपनी में तैनात हैं।
