पिथौरागढ़/धारचूला: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में एक बड़ा हादसा हो गया। धारचूला तहसील मुख्यालय से लगभग 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में पार्किंग में खड़ी एक बोलेरो वाहन पर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान आ गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग पंचाचूली बेस कैंप क्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में वाहन आ गया। चट्टान गिरने से बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
उधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 12 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, क्योंकि बारिश के दौरान और उसके बाद भूस्खलन तथा पत्थर गिरने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
