Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

गौचर में UKD की बड़ी बैठक, सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

पलायन, बेरोजगारी और जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर युवाओं का बढ़ता जुड़ाव

चमोली: गौचर में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की एक महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष नेगी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन नवानी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अहम बना दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया, जहां सैकड़ों युवाओं ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों ने पहाड़ के हक, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर विशेष चर्चा की गई और भविष्य में गौचर में एक बड़े सदस्यता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई। वक्ताओं ने उत्तराखंड की प्रमुख समस्याओं पलायन, बेरोजगारी, संसाधनों के दोहन और पहाड़ी क्षेत्रों की उपेक्षा—पर चिंता जताई।

इसके साथ ही गैस, पानी और बिजली की बढ़ती कीमतों को आम जनता के लिए गंभीर मुद्दा बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर युवाओं में तेजी से जागरूकता बढ़ रही है और वे अब अपने अधिकारों के लिए संगठित हो रहे हैं।

यूकेडी नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करते हुए एक मजबूत और आत्मनिर्भर पहाड़ का निर्माण करना है।

Leave a Comment