Udayprabhat
uttrakhand

पेंशन बहाली को लेकर संयुक्त मोर्चा की हुंकार रैली, कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन

चमोली: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्णप्रयाग में कर्मचारी और शिक्षकों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार हुंकार रैली निकाली। रैली उमा लॉज से शुरू होकर पंच पुलिया होते हुए मुख्य चौराहे पर पहुंची, जहां कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और बाद में सभा में बदल गई।

इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए सभी कर्मचारी और शिक्षकों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने इसे दूसरी बड़ी रैली बताते हुए आंदोलन को और तेज करने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन फरस्वाण ने कहा कि एकजुटता से सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। वहीं जिलाध्यक्ष सतीश कुमार ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

नेताओं ने यह भी कहा कि यदि सरकार ने कदम नहीं उठाया तो आगामी चुनावों में पुरानी पेंशन के समर्थन में मतदान किया जाएगा। जिला महासचिव दिनेश नेगी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब विधायक और सांसद पेंशन ले सकते हैं तो कर्मचारी-शिक्षकों को क्यों नहीं।

राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रकाश चौहान ने कहा कि रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि कर्मचारी और शिक्षक पूरी तरह एकजुट हैं और आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment