Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में आईआईटी के 50 से ज्यादा छात्र मिले होटल में नशे की हालत में, प्रशासन ने होटल के बार और हॉल को किया सील

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में बस अड्डे के पास होटल में पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान 50 से अधिक संख्या में छात्र और छात्राएं नशे की हालत में मिले. सभी छात्र और छात्राओं की उम्र 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, सभी छात्र-छात्राएं आईआईटी रुड़की में पढ़ते हैं. जबकि प्रशासन की टीम द्वारा होटल के बार और हॉल को सील कर दिया गया है. पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं को आईआईटी रुड़की प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है.

जानकारी के अनुसार, रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बस अड्डे के पास होटल में कम उम्र के छात्र-छात्राओं को शराब पिलाई जा रही है. इस पर तत्काल कोतवाली प्रभारी आईपीएस कुश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने होटल पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 50 से अधिक संख्या में छात्र और छात्राएं नशे की हालत में मिले.

कोतवाली प्रभारी आईपीएस कुश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटल में कम उम्र के बच्चे नशा कर रहे हैं. सूचना पर तत्काल छापेमारी की गई और मौके से 50 से 60 आईआईटी रुड़की के छात्र-छात्राएं नशे की हालत में मिले. उन्होंने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को आईआईटी रुड़की के प्रशासन के सुपुर्द किया गया है. उन्होंने बताया कि होटल के बार और हॉल को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा सील किया गया है.

Leave a Comment