उत्तरकाशी: राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की 20 सदस्यीय पर्वतारोही टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए उत्तरकाशी जनपद की नेलांग वैली में स्थित 6054 मीटर ऊँची अविजित चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। इस अभियान की शुरुआत 5 अप्रैल 2025 को सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा की गई थी, और शुक्रवार को सफलतापूर्वक फ्लैग इन किया गया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस अभियान को प्रोत्साहित किया। SDRF ने अगस्त और सितंबर में भी ऐसे पर्वतारोहण अभियानों की योजना बनाई है, ताकि प्रदेश की साहसिक पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जा सके।
टीम ने पर्वतारोहण के साथ-साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का भी आयोजन किया, जिसमें प्लास्टिक और अन्य कचरे को हटाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने टीम की साहसिकता की सराहना की, जबकि पुलिस महानिरीक्षक अरुण मोहन जोशी ने इसे बल की उत्कृष्ट तैयारी का प्रमाण बताया।
टीम लीडर उपनिरीक्षक मनोज रावत ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण अभियान ने साहस, धैर्य और टीम वर्क का मूल्यांकन किया। SDRF की टीम ने अत्यधिक ऊँचाई और बर्फीले तूफान जैसी कठिनाइयों का सामना करते हुए सफलतापूर्वक इस दुर्गम चोटी को फतह किया।