नैनीताल: कालाढूंगी के पूरनपुर गांव में सरकारी भूमि पर निर्माणाधीन अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व विभाग ने सोमवार को कार्रवाई की। अधिकारियों ने जेसीबी मशीन का उपयोग करके वहां बनाई जा रही आवासीय कॉलोनी के निर्माण को उखाड़ दिया। टीम ने साथ ही फ्लैक्सी बोर्ड लगाकर भविष्य में किसी भी तरह के निर्माण से रोकने की चेतावनी दी है।
एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि पूरनपुर में रोखड़ की बंजर भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी बनाने और सीसी मार्ग निर्माण की शिकायत मिली थी। तहसीलदार महेंद्र गहतोड़ी की अगुवाई में जांच के दौरान पाया गया कि खसरा नंबर 78/1 की 1.060 हेक्टेयर (लगभग 17 बीघा) भूमि पर अवैध कब्जा हो रखा था। इस पर राजस्व विभाग ने अवैध कब्जेदारों बलदेव सिंह, जोगेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, सावन सिंह और महेंद्र सिंह को नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। नोटिस अवधि समाप्त होने पर, सोमवार को विभागीय टीम द्वारा शिकायत की गई भूमि को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया, और अब यह भूमि राजस्व विभाग के अधीन है।
इसके अलावा, शिकायतकर्ता विपिन पांडे ने राजस्व उपनिरीक्षक की लापरवाही के लिए निलंबन की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है, और उन्होंने सूचित किया कि ग्राम सुरपुर समेत अन्य स्थानों पर भी अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही हैं। इसके तहत वह कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने का इरादा रखते हैं।
