देहरादून: उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने सहसपुर, चकराता और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार के उद्देश्य से सेलाकुई में एक अहम बैठक आयोजित की। इस बैठक में निरंजन चौहान को सर्वसम्मति से इन तीनों क्षेत्रों के लिए जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नव नियुक्त अध्यक्ष चौहान ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मोर्चे की नीतियों और भविष्य की रणनीतियों से अवगत कराया। बैठक में पूर्व खंड विकास अधिकारी भगवती प्रसाद जुयाल सहित लगभग 240 महिलाओं और 380 लोगों ने मोर्चे की सदस्यता लेकर संगठन पर अपना विश्वास जताया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा, “अब उत्तराखंड की चेतना जाग चुकी है। सत्ता और विपक्ष की चुप्पी के बीच तीसरे विकल्प की गूंज पहाड़ों से उठ रही है।” उन्होंने आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब स्वाभिमान की बात हर चूल्हे और चौपाल तक पहुंचे। सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्नल कैलाश देवरानी ने कहा कि जब सैनिकों की अनुशासित ऊर्जा जन-आंदोलन में बदलती है, तो वह परिवर्तन की नींव रखती है। यह आंदोलन युद्ध नहीं, बल्कि उत्तराखंड को उसका असली स्वाभिमान लौटाने का संकल्प है।
मोर्चा के महासचिव मोहित डिमरी ने तीखे शब्दों में कहा कि 25 वर्षों में उत्तराखंड का कोई भी सपना पूरा नहीं हुआ, और अब जनता तीसरे विकल्प की ओर देख रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सेना के राजनीतिकरण और “घर-घर सिंदूर” जैसे अभियानों पर भी विरोध जताया। प्रवक्ता प्रमोद काला ने अंबिका चौहान जैसी युवा नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जब युवा बेटियां स्वाभिमान की मशाल उठाती हैं, तो क्रांति की चिंगारी पूरे पहाड़ को रोशन कर देती है
