विकासनगर: तपती धूप में टीन शेड के नीचे इलाज का इंतजार कर रही गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों की पीड़ा अब जल्द ही कम होगी। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के प्रयासों से उपजिला चिकित्सालय, विकासनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं के विकास हेतु लगभग ₹70 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है।
नेगी और सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने हाल ही में अस्पताल में हो रहे साज-सज्जा, फाल्स सीलिंग, टॉयलेट्स के सुधार, रंगाई-पुताई जैसे कार्यों का निरीक्षण किया। इससे पूर्व अक्टूबर 2024 में सीएमओ डॉ. जैन और नेगी ने संयुक्त रूप से अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी।
नेगी ने बताया कि सितंबर 2024 में उन्होंने स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार से अस्पताल की दुर्दशा पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया था। इसके फलस्वरूप सीएमओ देहरादून को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
यह उपजिला चिकित्सालय विकासनगर, हरबर्टपुर, जौनसार, उत्तरकाशी के कुछ भागों और हिमाचल के सीमावर्ती गांवों के मरीजों का मुख्य सहारा है। यहां प्रतिदिन लगभग 500–600 मरीजों की ओपीडी होती है, जिससे मरीजों और चिकित्सकों पर भारी दबाव रहता है। नेगी ने इस उपलब्धि को जन संघर्ष मोर्चा की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि मरीजों को राहत पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
