Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

विकसित उत्तराखंड 2047: ग्राम से जनपद स्तर तक बनेगी कार्ययोजना, सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विज़न को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर निर्देश दिए कि ग्राम स्तर से जनपद स्तर तक विकसित उत्तराखंड की व्यापक योजना तैयार की जाए। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जनपद में 5-5 नवाचारों पर काम करने, टीबी मुक्त जनपदों को पुरस्कृत करने, प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान और 05 जून से 25 जुलाई तक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

धामी ने मानसून को देखते हुए सभी जिलों को आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखने, नालों की सफाई, पेयजल, बिजली और सड़कों की स्थिति सुनिश्चित करने को कहा। डेंगू, मलेरिया और कोरोना से बचाव के लिए अस्पतालों में तैयारियाँ पूर्ण रखने के भी निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा रूट पर स्वास्थ्य, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। साथ ही 15 जून कैंची धाम स्थापना दिवस और 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए तैयारियों पर बल दिया गया।

मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने, वैरिफिकेशन ड्राइव को तेज करने, और अवैध दस्तावेजों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। 1064 हेल्पलाइन को प्रभावी बनाने और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

एक जनपद दो उत्पाद, स्थानीय उत्पादों के उपयोग, लैण्ड बैंक पर ध्यान, वर्षा जल संचयन और वनाग्नि प्रबंधन पर भी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

Leave a Comment