देहरादून: एक वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को स्कूटी संख्या UK-07-FY-6494 पर चार सवारी बैठाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा गया। उक्त वीडियो का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने स्वतः संज्ञान लेते हुए स्कूटी चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में पता चला कि यह स्कूटी अनवर पुत्र शमशाद निवासी जैन प्लॉट, रायपुर के नाम पर पंजीकृत है। इसके आधार पर चालक को स्कूटी सहित थाना रायपुर तलब किया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह अपने साथ तीन मजदूरों को निर्माण साइट पर ले जा रहा था।
यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर मौके पर ही स्कूटी को सीज कर लिया गया तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण हेतु संबंधित विभाग को रिपोर्ट प्रेषित की गई। इसके साथ ही आरोपी को भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने एवं दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
