श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. उत्तम भंडारी पर कुछ बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। यह घटना उस वक्त हुई जब वे अपने बेटे के साथ कार से श्रीनगर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा क्षेत्र के एजेंसी मोहल्ला के पास एक बाइक ने डॉ. भंडारी की कार को पीछे से टक्कर मार दी। मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों के समूह ने डॉ. भंडारी पर हेलमेट और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मारपीट को रोका और डॉक्टर भंडारी को हमलावरों से बचाया। साथ ही आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की भी पिटाई कर दी। इसके बाद डॉ. भंडारी और स्थानीय लोग हमलावर युवकों को लेकर कोतवाली पहुंचे। घटना के बाद कुछ और युवक कोतवाली परिसर के बाहर आ पहुंचे, जिन्हें देख कर भीड़ ने उन्हें भी पकड़ लिया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने के भीतर ले गई।
श्रीनगर के क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार और प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में उत्तराखंड में बाइक सवार युवकों द्वारा मारपीट की यह तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
