हरिद्वार: मंगलौर और आसपास के देहात क्षेत्रों में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने पीएसी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी करते हुए 47 घरों से बिजली के मीटर और केबल जब्त किए। इन उपभोक्ताओं पर अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल कर एसी और ट्यूबवेल चलाने का आरोप है।
छापेमारी का नेतृत्व विजिलेंस के एसडीओ धनंजय सिंह, मंगलौर के एसडीओ अनुभव सैनी और पुलिस निरीक्षक मारूत शाह ने किया। कार्रवाई की शुरुआत मंगलौर के मोहल्ला सैनीपुरा से हुई, जहां 29 उपभोक्ता सीधे एलटी लाइन से कटिया डालकर एसी चला रहे थे। टीम ने सभी उपभोक्ताओं के मीटर और केबल जब्त कर बिजली कनेक्शन काट दिया।
इसके बाद मोहल्ला खालसा में तीन और उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। यहाँ भी टीम ने उनके मीटर और केबल जब्त किए। आगे ग्राम जौरासी और ग्राम खटका में की गई छापेमारी में 15 उपभोक्ता अवैध कनेक्शन का उपयोग करते पाए गए। अधिशासी अभियंता अरुण कांत ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए निगम की ओर से बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी उपभोक्ता चोरी से बिजली का इस्तेमाल करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
