Udayprabhat
uttrakhand

पारिवारिक विवाद में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप- HALDWANI MAN DIED

हल्द्वानी : लालकुआं क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के पीछे पति-पत्नी के विवाद को वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक का निकाह 15 नवंबर 2021 को बदायूं निवासी एक युवती से हुआ था। निकाह के बाद युवती लगभग तीन महीने ससुराल में रही, फिर मायके लौट गई। परिजनों का आरोप है कि उसके बाद से वह लगातार युवक के परिवार पर निकाह में दिए गए पाँच लाख रुपये और सोने के आभूषणों को वापस करने का दबाव बना रही थी, जबकि मृतक पक्ष का कहना है कि निकाह के समय उन्हें कुछ नहीं दिया गया था।

मामला बढ़ने पर पुलिस महिला समाधान केंद्र में दोनों पक्षों को कई बार समझौते के लिए बुलाया गया, लेकिन युवती द्वारा पैसे और गहनों की वापसी की जिद पर अड़े रहने के कारण समझौता नहीं हो सका। पिछले महीने युवती ने युवक समेत उसके पूरे परिवार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया था, जिसकी सुनवाई की तारीख भी तय हो गई थी।

परिजनों का कहना है कि हाल ही में युवक की युवती से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Comment