Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में खेत में काम कर रही महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, एक की मौत, दो घायल – Lightning Died In Laksar

लक्सर (हरिद्वार): उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र अंतर्गत हुसैनपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों महिलाएं खेत में काम कर रही थीं और बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़ी थीं।

जानकारी के अनुसार, लक्सर के मटकाबाद गांव निवासी भोली (45 वर्ष), पत्नी पवन, गांव की ही दो अन्य महिलाओं के साथ हुसैनपुर गांव के पास गन्ने की फसल की निराई-गुड़ाई के लिए गई थीं। सुबह करीब 8:30 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों महिलाएं खेत में खड़े एक आम के पेड़ के नीचे जा खड़ी हुईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली की तेज चमक और गर्जना के साथ एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आकाशीय बिजली सीधे भोली पर गिर गई। हादसे में भोली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ खड़ी आसबती और बालेश नामक महिलाएं झुलसकर घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सूचना दी गई। लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। इसी दिन जैनपुर गांव में भी एक अन्य हादसे में बिजली गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के चलते क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घायल महिलाओं का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।

Leave a Comment