Udayprabhat
uttrakhand

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सिविल एविएशन की समीक्षा, एयरपोर्ट विस्तार कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा, एयरपोर्ट विस्तार पर जोर.

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में संचालित हवाई सेवाओं की वर्तमान स्थिति तथा एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने देहरादून और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारियों ने बताया कि कार्य प्रगति पर हैं। मुख्य सचिव ने दोनों जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट विस्तार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। विशेष रूप से पंतनगर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि को तुरंत क्लियर कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने को कहा गया।

पिथौरागढ़ एयरपोर्ट को लेकर मुख्य सचिव ने वहां नियमित ऑपरेशनल स्ट्रक्चर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचालन के लिए AAI से डेपुटेशन पर तथा अन्य एजेंसियों से आउटसोर्स के माध्यम से कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, एयरपोर्ट विस्तार में निर्माणाधीन टनल की लोड बियरिंग कैपेसिटी की जांच IIT रुड़की या किसी अन्य प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान से कराने को कहा गया।  मुख्य सचिव ने युकाडा के महानिदेशक को राज्य में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से संबंधित सभी योजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत विवरण अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment