दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, प्रीतम सिंह बोले– नहीं मिला न्याय तो जाएंगे सदन और हाईकोर्ट.
त्यूणी पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप, चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने जताई नाराज़गी.
विकासनगर : चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने बुधवार को सेना के जवान के साथ कथित पुलिस मारपीट के विरोध में सैकड़ों समर्थकों के साथ त्यूणी थाने का घेराव किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी हुई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ दिन पहले त्यूणी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने सेना के जवान के साथ अभद्र व्यवहार और बर्बरता की। मामला तूल पकड़ने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन विधायक प्रीतम सिंह और स्थानीय जनता इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं।
विधायक ने कहा कि यदि एक जवान के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम नागरिकों की स्थिति और भी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे और अक्सर बाजार में उत्पात मचाते हैं। प्रीतम सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने सेना के जवान से जबरदस्ती माफीनामा लिखवाया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कठोर सजा दी जाए।
