Udayprabhat
uttrakhand

दिव्यांगजनों की समस्याओं पर गोपेश्वर में डीएम ने की बैठक, अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

गोपेश्वर: जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में दिव्यांगजनों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का आयोजन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया, जिसमें दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के सदस्यों ने दिव्यांगजनों की अनेक जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में दिव्यांग प्रमाण पत्रों के निर्गमन में आ रही बाधाएं, पेंशन वितरण में देरी, राशन और आधार कार्ड बनवाने में परेशानियां, कृत्रिम अंगों की उपलब्धता की कमी, शैक्षणिक संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, तथा प्रशिक्षण एवं रोजगार से जुड़ी चुनौतियों को प्रमुख मुद्दों के रूप में प्रस्तुत किया गया।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सभी सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिले, इसके लिए विभागीय समन्वय आवश्यक है। उन्होंने दिव्यांग प्रमाण पत्रों के समयबद्ध वितरण, उपकरणों की आपूर्ति, नियमित पेंशन भुगतान तथा कौशल विकास कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी विभाग एकजुट होकर कार्य करें। साथ ही समाज कल्याण अधिकारी को आगामी 15 दिनों के भीतर दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के सदस्यों के साथ पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment