Udayprabhat
uttrakhandweather

उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर पहाड़ों से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे संपर्क मार्ग बाधित हो रहे हैं और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने आज फिर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अनेक स्थानों पर, जबकि अन्य जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

देहरादून और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के कुछ दौर हो सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में एक-दो बार भारी बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

Leave a Comment