Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में कार सवार युवकों पर हमला, एक को गोली लगी, दो घायल

 बिड़ला स्कूल के पास 20 से अधिक युवकों ने किया हमला, कार को भी पहुंचाया नुकसान.
 गणेश और हरीश को ईंटों से किया गया घायल, नीरज किसी तरह बच निकला.
घटना के पीछे पुरानी रंजिश, एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर; पुलिस की छापेमारी जारी.

हल्द्वानी (नैनीताल): शहर के टीपीनगर क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना में 20 से अधिक युवकों ने कार सवार चार युवकों पर हमला कर दिया। बिड़ला स्कूल के पास हुई इस घटना में एक युवक को दो गोलियां लगीं, जबकि दो अन्य को ईंट से घायल कर दिया गया। हमले में कार भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।

चांदनी चौक घुड़दौड़ा निवासी हरीश मेहरा, भाष्कर बोरा, गणेश दरम्वाल और पंचायतघर निवासी नीरज भगत कार से मुखानी की ओर जा रहे थे। बिड़ला स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार को रोका। जैसे ही कार सवार युवक बाहर निकले, छिपे हुए 20-25 हमलावरों ने चारों पर हमला कर दिया।

नीरज किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन हरीश, भाष्कर और गणेश को बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो भाष्कर को लगीं—एक कमर में और दूसरी पैर में। हरीश और गणेश को ईंट से गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया। भाष्कर की हालत गंभीर होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि हमला आपसी रंजिश का नतीजा प्रतीत हो रहा है। एक आरोपी पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और घायलों से मिलने पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

 

Leave a Comment