नौ कैंची बैंड के पास दरकी पहाड़ी, तीन से चार यात्रियों के दबने की आशंका.
एसडीआरएफ और यमुनोत्री पुलिस मौके पर, एक घायल को जानकीचट्टी पीएचसी भेजा गया.
सुरक्षा के मद्देनजर नौ कैंची बैंड पर आवाजाही पर रोक.
डीएम प्रशांत कुमार आर्या स्मार्ट कंट्रोल रूम से निगरानी में जुटे.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नौ कैंची बैंड के पास अचानक पहाड़ी दरकने से मलबा मार्ग पर आ गिरा, जिसमें कई तीर्थयात्रियों के दबने की आशंका जताई जा रही है।
उत्तरकाशी जिला सूचना अधिकारी के अनुसार, दोपहर 4:12 बजे यह हादसा हुआ, जब क्षेत्र में बारिश नहीं हो रही थी। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि 3 से 4 यात्री मलबे की चपेट में आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और यमुनोत्री पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
पुलिस के मुताबिक, एक यात्री को मलबे से सुरक्षित निकालकर घायल अवस्था में पीएचसी जानकीचट्टी भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सक डॉ. हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि मरीज अब खतरे से बाहर है, जबकि दो अन्य लोगों को भी उपचार के लिए लाया जा रहा है।
जानकीचट्टी चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि यमुनोत्री की ओर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। मलबा हटाने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कोई और यात्री मलबे में दबा है या नहीं।
जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्या घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने स्मार्ट कंट्रोल रूम से निगरानी करते हुए सभी राहत एजेंसियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत नौ कैंची बैंड के पास पैदल आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
