रुड़की: सिविल अस्पताल में सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में घायल युवक को लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उसकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि इमरजेंसी में तैनात डॉ. एजाज ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया।
मृतक का एक परिजन अस्पताल पहुंचा और वहां मौजूद स्टाफ के साथ गाली-गलौज करने लगा। उसने इमरजेंसी वार्ड में रखी कुर्सियां फेंकी और शीशा तोड़ दिया। यही नहीं, आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मारपीट भी की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने गंगनहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
