उत्तरकाशी में भूस्खलन हादसा में 5 यात्री फंसे, दो की मौत, एक घायल, दो यात्रियों की तलाश में जुटी SDRF.
उत्तरकाशी : यमुनोत्री पैदल मार्ग पर सोमवार को नौकैंची क्षेत्र में हुए भूस्खलन में पांच यात्री मलबे की चपेट में आ गए थे। राहत-बचाव कार्य के दौरान मंगलवार तक दो शव (पिता-पुत्री) बरामद कर लिए गए, जबकि एक घायल यात्री अस्पताल में भर्ती है। शेष दो यात्रियों की तलाश एसडीआरएफ की टीम कर रही है।
मृतकों की पहचान हरिशंकर (47) और उनकी बेटी ख्याति (09), निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। घायल रसिक भाई, निवासी मुंबई, को चिकित्सकीय उपचार हेतु भर्ती किया गया है। लापता यात्रियों में भाविका शर्मा (11) निवासी दिल्ली और कमलेश जेठवा (35) निवासी मुंबई शामिल हैं।
भूस्खलन के चलते यमुनोत्री यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। यात्री जानकीचट्टी में ठहरे हुए हैं और राहत कार्य पूर्ण होने का इंतजार कर रहे हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भूस्खलन विशेषज्ञों के साथ स्थल का निरीक्षण किया और कारणों की जांच शुरू करवाई।
इस बीच, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा सुचारु रूप से जारी है, हालांकि केदारनाथ मार्ग बारिश के कारण फिसलनभरा हो गया है। बदरीनाथ राजमार्ग पर चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर खतरा बना हुआ है, जहां पुलिस की सहायता से आवाजाही करवाई जा रही है।
