Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: प्रेमी ने सोशल मीडिया पर डाल दी निजी वीडियो, युवती की टूटी शादी..आरोपी पर मुकदमा दर्ज

शादी से पहले वायरल किए निजी वीडियो, हल्द्वानी में युवती की तहरीर पर केस दर्ज.

हल्द्वानी:  उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसकी अश्लील वीडियो और तस्वीरें वायरल कर न केवल उसकी शादी तुड़वा दी, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी उसे अपमानित किया। इस संबंध में मुखानी थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 6 जून को नैनीताल निवासी युवक से तय हुई थी। शादी के कार्ड बंट चुके थे और तैयारियां भी पूरी थीं। इसी दौरान एक पूर्व परिचित युवक ने, जिसके साथ उसके पहले व्यक्तिगत संबंध थे, उसकी पुरानी निजी तस्वीरें और वीडियो पहले युवती के होने वाले देवर को भेजे और फिर एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उन्हें सार्वजनिक कर दिया।

इन वायरल वीडियो और तस्वीरों के बाद युवती के होने वाले पति ने शादी से इनकार कर दिया। इससे पहले भी युवती ने इसी युवक के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के माफीनामे के आधार पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

पीड़िता ने इस बार सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) प्रकाश चंद्र ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे ताकि समाज में ऐसा कृत्य दोहराने वालों के लिए यह चेतावनी बन सके।

Leave a Comment