Udayprabhat
uttrakhand

बागेश्वर में बारिश का कहर, 19 सड़कें बंद, लैंडस्लाइड का वीडियो वायरल, प्रशासन अलर्ट पर

कपकोट-मुनार मार्ग पर लैंडस्लाइड का वीडियो वायरल, भारी मलबे के कारण मार्ग बाधित, जेसीबी से रास्ता किया गया साफ.
आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट: 19 सड़कें बंद, हालात पर नजर, ग्रामीण और मुख्य मार्गों पर भूस्खलन से यातायात बाधित.

बागेश्वर: उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले ही बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में कई जिलों में भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए और कई जगहों पर सड़कों पर भूस्खलन के चलते आवागमन ठप हो गया। बागेश्वर जिले से भी भारी बारिश और लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं।

कपकोट-मुनार मोटर मार्ग का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें पहाड़ी दरकती नजर आ रही है और ऊपर से मलबा गिरता दिखाई दे रहा है। इस कारण मार्ग बाधित हो गया था, हालांकि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर रास्ता खोल दिया है।

जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने जानकारी दी कि मानसून से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जहां-जहां भूस्खलन की सूचना मिल रही है, वहां जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग तुरंत खोले जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में 50 से अधिक जेसीबी मशीनें पहले ही तैनात की जा चुकी हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि,

> “आज सुबह तक बारिश के कारण 19 सड़कें बंद होने की सूचना मिली थी, जिनमें से 14 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं जबकि एक प्रमुख मार्ग जिला मुख्यालय से जुड़ता है।”

प्रशासन की ओर से बताया गया कि बंद सड़कों को खोलने का काम तेजी से जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बंद हुई प्रमुख सड़कें:

कपकोट-कर्मी

हरसीला-सीमा

उत्तरौड़ा-लीली

पोलिंग-गैरखेत

बदियाकोट-कुंवारी

चीराबगड़-पोथिंग

कपकोट-पिंडारी

बागेश्वर-कपकोट

बदियाकोट-बोरबलड़ा

खड़लेख-भनार (दो बार)

धरमघर-सनगाड़

कमेड़ीदेवी-स्यांकोट

सीरी

मुनार-गांसी

किरौली

पाकड़

नौकाना बसौरा

प्रशासन द्वारा जल्द ही सभी बाधित मार्गों को सुचारु करने का दावा किया गया है।

Leave a Comment