Udayprabhat
uttrakhand

Uttarakhand: डीएम बनते ही 24 किमी पैदल चलकर केदारनाथ पहुंचे प्रतीक जैन, चार्ज लेते ही केदारनाथ व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

 2018 बैच के आईएएस अधिकारी प्रतीक जैन ने संभाला रुद्रप्रयाग का कार्यभार.
32 वर्षीय डीएम ने 24 किलोमीटर की पदयात्रा कर केदारनाथ मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा.
जलापूर्ति, स्वास्थ्य, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण.
अवैध टेंट हटाने और संबंधित विभागों को ज़िम्मेदारी निभाने के दिए सख्त निर्देश.
बाबा केदारनाथ के धाम में सेवा को बताया सौभाग्य, व्यवस्थाओं की करेंगे प्रतिदिन निगरानी.

रुद्रप्रयाग: जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2018 बैच के युवा आईएएस अधिकारी प्रतीक जैन ने बुधवार को रुद्रप्रयाग डीएम का पदभार संभाल लिया। पूर्व डीएम सौरभ गहरवार के स्थान पर नियुक्त हुए प्रतीक जैन अब तक रुद्रप्रयाग के सबसे कम उम्र के जिलाधिकारी हैं। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की सबसे बड़ी जिम्मेदारी—केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं—की कमान खुद संभाल ली।

चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के लिए प्रतीक जैन पैदल 24 किलोमीटर की यात्रा करते हुए तीर्थ मार्ग पर निकले। यात्रा के दौरान उन्होंने तीर्थयात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां भी अव्यवस्थाएं दिखीं, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने एनएच विभाग को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लगातार मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए, वहीं एसडीआरएफ कार्यालय, विश्राम स्थल, जलापूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली आपूर्ति का भी निरीक्षण किया।

अवैध टेंट हटाने के निर्देश:

केदारनाथ में अवैध रूप से चल रहे टेंटों को तत्काल हटाने और उनके संचालकों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाटर टैंक, SOS इमरजेंसी सेटअप, घोड़ा-खच्चर पंजीकरण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई।

 

सेवा को सौभाग्य बताया:

25 जुलाई 1993 को राजस्थान के अजमेर में जन्मे प्रतीक जैन ने जेएनयू से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स किया है। आईएएस बनने से पहले वे कई अन्य प्रशासनिक परीक्षाएं भी पास कर चुके हैं। इससे पूर्व वे हरिद्वार में सीडीओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा,

> “बाबा केदारनाथ के धाम में सेवा का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं प्रतिदिन यात्रा और पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी स्वयं करूंगा।”

हर वर्ग की समस्याएं होंगी प्राथमिकता में:

डीएम जैन ने कहा कि रुद्रप्रयाग जिले में हर वर्ग की समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सेवा-भाव से सुविधाएं देने का आश्वासन भी दिया।

Leave a Comment