Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

हल्द्वानी में बारिश का कहर, नहर में गिरी कार, मासूम समेत चार की मौत, तीन घायल

हल्द्वानी; बुधवार सुबह तेज़ बारिश के कारण शहर में बड़ा हादसा हो गया। मूसलाधार बारिश से उफनते बरसाती नालों और नहरों के कारण कोतवाली क्षेत्र स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय के पीछे बह रही सिंचाई नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। सभी उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र के निवासी हैं। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि कार नहर में गिरते ही तेज़ बहाव में बह गई और पलट गई। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। जब रेस्क्यू टीम ने शीशे तोड़कर कार खोली, तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। तीन घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

शहर के नाले उफान पर, नगर आयुक्त मौके पर:

देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नाले उफान पर हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ऋचा सिंह स्वयं सुबह से ही फील्ड में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पूर्व में की गई नालों की सफाई के चलते अधिकांश इलाकों में जलभराव नहीं हुआ है। जहां भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन अलर्ट मोड में, नागरिकों से सतर्कता की अपील:

फायर सर्विस, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और नालों व तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।

Leave a Comment