Udayprabhat
uttrakhand

Nainital News: अधिवक्ता के घर रह रही 18 वर्षीय छात्रा, संदिग्ध हालात में फंदे से मिली लटकी

नैनीताल: तल्लीताल क्षेत्र में एक अधिवक्ता के घर में रहकर पढ़ाई कर रही 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। छात्रा का शव घर के भीतर दरवाजे की चौखट से बंधे फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मूल रूप से कैंचीधाम तहसील निवासी रेनू खत्री (18) तल्लीताल धर्मशाला, पुराना कोयला टाल क्षेत्र में एक अधिवक्ता के घर के ग्राउंड फ्लोर पर किराए पर रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार सुबह जब उसने देर तक दरवाजा नहीं खोला, तो अधिवक्ता ने पीछे के रास्ते से जाकर देखा। ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचने पर उन्होंने रेनू को दरवाजे की चौखट से बंधे फंदे पर लटका पाया। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एसआई सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारा। घटनास्थल की शुरुआती जांच में पाया गया कि युवती का एक पैर कुर्सी पर मुड़ा हुआ था और दूसरा जमीन को छू रहा था, जिससे मामले की परिस्थितियां संदेहास्पद लग रही हैं।

पोस्टमार्टम के दौरान युवती के मामा ने बताया कि घटना के कुछ समय बाद उसकी मां को एक अज्ञात युवक का फोन आया था, जिसने आत्महत्या की जानकारी पहले से होने की बात कही। इससे मामले में कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। एसआई उपाध्याय ने बताया कि परिजनों को सूचित कर शव सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

 

Leave a Comment